June 19, 2026

SWARN KHABAR

LOCAL TO GLOBAL MEDIA NETWORK

वार्ड संख्या 40 की कॉलोनियों को मुख्य सड़क से जोड़ने की मांग, रहवासियों में रोष

जालोर। नगर परिषद जालोर के वार्ड संख्या 40 स्थित राम नगर कॉलोनी, गणेश नगर, पारणिया नाडा, सणवाव एवं आसपास की कॉलोनियों के रहवासियों ने वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के अभाव पर रोष व्यक्त किया है। कॉलोनीवासियों ने बताया कि उन्होंने कई बार नगर परिषद प्रशासन को क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया, लेकिन अब तक कोई ठोस सुनवाई या समाधान नहीं हुआ। इसके बाद क्षेत्र के लोगों ने भाजपा के युवा नेता एवं भाजपा जालोर ग्रामीण मंडल मंत्री ललित माली से मिलकर समस्याओं के समाधान हेतु पहल करने का आग्रह किया।
ललित माली ने बताया कि शनि धाम रेलवे फाटक के आसपास बसी कई कॉलोनियों की अधिकांश गलियां आज भी पक्की सड़कों से वंचित हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में गलियों में कीचड़ और जलभराव की समस्या विकराल रूप ले लेती है, जिससे आमजन का जीवन प्रभावित होता है। कॉलोनीवासियों की मांग पर नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन देकर राम नगर कॉलोनी, गणेश नगर, ओमकार कॉलोनी सहित आसपास की सभी कॉलोनियों का सर्वे करवाने तथा पक्की सड़क से वंचित गलियों को मुख्य मार्ग से जोड़ने की मांग की गई है।
साथ ही चामुंडा गार्डन से शनि धाम तक रोड लाइटों के अभाव के कारण रात के समय लोगों में भय का माहौल बना रहता है। क्षेत्रवासियों ने इस मार्ग पर शीघ्र रोड लाइटें लगाने की भी मांग की है, जिससे नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। इस दौरान भरत माली, ललित सुन्देशा, जेठाराम, हितेश सोलंकी, पिंटू माली, दिनेश सोलंकी सहित अनेक क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.