जर्जर पानी की टंकी बनी खतरा, ग्रामीणों ने ध्वस्तीकरण और नई टंकी निर्माण की मांग उठाई
कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा, जलदाय विभाग को सौंपा ज्ञापन
जालोर। जिले के धरडा पावटी ग्रामीण क्षेत्र में स्थित एक जर्जर एवं क्षतिग्रस्त पानी की टंकी स्थानीय लोगों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। आम चौराहे पर स्थित यह टंकी लंबे समय से खराब हालत में खड़ी है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि टंकी की स्थिति बेहद खराब है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता जबराराम सुन्देशा ने शुक्रवार को जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर जर्जर टंकी को तत्काल ध्वस्त करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान टंकी के स्थान पर नया जीएलआर (ग्राउंड लेवल रिजर्वायर) टैंक का निर्माण कराया जाए, जिससे क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था भी बेहतर हो सके।
ग्रामीणों ने बताया कि यह स्थान आवारा पशुओं के लिए भी प्रमुख जल स्रोत है। ऐसे में नई जल संरचना के निर्माण से पशुओं को भी सुविधा मिल सकेगी। साथ ही उन्होंने मांग की कि टंकी को हटाने और नई संरचना के निर्माण की पूरी प्रक्रिया प्रशासन, संबंधित विभाग और ठेकेदार की निगरानी में कराई जाए, ताकि आसपास के लोगों और संपत्तियों को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में किसी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। इस दौरान देवाराम, गलबाराम, जबराराम सुन्देशा, रमेश कुमार, प्रतापजी, लखमाराम मिठवानिया, राकेश सुन्देशा सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
